लड्डू-बर्फी छोड़िए! इस दिवाली घर पर बनाइए ये पांच हटके व्यंजन, जो रिश्तेदारों को उंगलियां चाटने पर मजबूर कर देंगे

Last Updated:October 10, 2025, 18:34 IST
Diwali Special Food: दिवाली की रोशनी में इस बार स्वाद का तड़का लगाइए. मिठाइयों से हटकर ट्राय करें पांच धमाकेदार व्यंजन. पनीर टिक्का रोल का मसालेदार मज़ा, सूजी-बेसन बाइट्स की सॉफ्ट क्रंच, तवा पुलाव का देसी ट्विस्ट, चॉकलेट कुल्फी की मीठी ठंडक और ब्रेड चाट का चटपटा जलवा. त्योहार में खुशबू भी, स्वाद भी.
दिवाली पर अगर मिठाइयाँ खा-खा कर थक गए है तो बनाइए पनीर टिक्का रोल. इसमें बस पनीर के टुकड़े लें दही, अदरक-लहसुन पेस्ट, लाल मिर्च और थोड़ा कसूरी मेथी डालकर मेरिनेट करें. फिर इन्हें तवे पर हल्का सुनहरा सेक लें. अब गर्म रोटी पर ये पनीर रखें ऊपर से प्याज, चटनी और थोड़ा नींबू निचोड़ें. रोल करके परोसिए देखना मेहमान उंगलियां चाटते रह जाएंगे.
अगर कुछ हल्का और हेल्दी स्नैक चाहिए, तो सूजी-बेसन के नमकीन बाइट्स बिल्कुल सही रहेंगे. इसके लिए सूजी, बेसन, दही, अदरक, हरी मिर्च और थोड़ा नींबू रस मिलाकर घोल बना लें. इसे 15 मिनट स्टीम करें फिर ऊपर से राई, करीपत्ता और तिल की तड़का लगाएं. छोटे टुकड़ों में काटें और चटनी के साथ परोसें. इसका स्वाद ढोकला जैसा होता है. लेकिन टेक्सचर थोड़ा अलग. चाय के साथ भी बढ़िया लगता है और त्योहार पर हेल्दी स्नैक का परफेक्ट ऑप्शन है.
दिवाली की पार्टी में जब बचे हुए चावल हों तो उन्हें नया रंग दीजिए तवा पुलाव बनाकर. गैस पर तवा गर्म करें, बटर डालें, फिर प्याज, टमाटर, शिमला मिर्च और पावभाजी मसाला भूनें. अब इसमें चावल डालकर अच्छे से मिक्स करें और ऊपर से नींबू रस व हरा धनिया डालें. इसका मसालेदार स्वाद सबको पसंद आता है. ये रेसिपी बहुत आसान है और सिर्फ 10 मिनट में तैयार हो जाती है. खास बात ये बच्चों से लेकर बड़ों तक सबका फेवरेट बन जाती है.
मीठे में अगर कुछ नया ट्राय करना चाहते हैं तो चॉकलेट ड्राई फ्रूट कुल्फी बाइट्स बनाइए. दूध को उबालें, उसमें कंडेंस्ड मिल्क, चॉकलेट सिरप और कटे हुए ड्राई फ्रूट्स डालें. थोड़ा ठंडा होने दें फिर छोटे मोल्ड्स में डालकर फ्रीज़र में जमा दें. कुछ ही घंटों में स्वादिष्ट मिनी कुल्फी तैयार. बच्चों से लेकर बड़ों तक सबको पसंद आती है. ऊपर से हल्की कोको पाउडर या पिस्ता से सजाकर सर्व करें. मिठाई से हटकर ये ठंडी ट्रीट त्योहार का मजा दोगुना कर देती है.
अगर अचानक मेहमान आ जाएं और जल्दी कुछ स्वादिष्ट बनाना हो तो ब्रेड चाट सबसे आसान और मज़ेदार ऑप्शन है. टोस्टेड ब्रेड के टुकड़े लें, ऊपर उबले आलू, प्याज, टमाटर और नमक-मसाला डालें. फिर दही, इमली की मीठी चटनी और हरी चटनी डालें. आखिर में सेव, अनार और हरा धनिया से गार्निश करें. इसका स्वाद एकदम स्ट्रीट-स्टाइल चाट जैसा लगेगा. चटपटा, मजेदार और फटाफट तैयार दिवाली पार्टी या फैमिली गेट-टुगेदर के लिए परफेक्ट.
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।First Published :
October 10, 2025, 18:34 IST
इस दिवाली घर पर बनाइए ये पांच हटके व्यंजन, रिश्तेदार उंगलियां चाटते रह जाएंगे



