Uncategorized

मिश्रिख प्रीमियर लीग सीजन-1 के मेगा ऑक्शन में खिलाड़ियों की हुई नीलामी

क्रिकेट के मैदान से पहले ऑक्शन टेबल पर भिड़ीं 12 टीमें, मिश्रिख में हुआ भव्य मेगा ऑक्शन

मिश्रिख। नगर में पहली बार ऑक्शन बेस मिश्रिख प्रीमियर लीग सीजन-1 के मेगा ऑक्शन का भव्य आयोजन श्री बालाजी मैरिज लॉन में किया गया। तहसील स्तर पर आयोजित होने वाले इस क्रिकेट टूर्नामेंट के मेगा ऑक्शन में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाली 12 टीमों के मालिकों ने अपने-अपने स्टार खिलाड़ियों एवं कप्तानों के साथ प्रतिभाग किया।

कार्यक्रम का आयोजन रोहित वर्मा एवं गोलू कश्यप द्वारा किया गया, जबकि मेगा ऑक्शन का संचालन टूर्नामेंट के संयोजक मयंक शेखर शुक्ला ने किया।

कार्यक्रम के प्रायोजक रामशंकर सूरज प्रताप सर्राफ एवं नगर पालिका परिषद मिश्रिख नैमिषारण्य रहे। मुख्य अतिथि नगर के सर्राफा व्यापारी विश्वजीत वर्मा एवं नगर अध्यक्ष प्रतिनिधि अजय भार्गव ने भारत माता एवं युवाओं के प्रेरणास्रोत स्वामी विवेकानंद जी के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद टूर्नामेंट की ट्रॉफी का भव्य अनावरण किया गया।

उद्घाटन कार्यक्रम के पश्चात खिलाड़ियों की नीलामी प्रक्रिया शुरू हुई। टीम मालिकों ने अपनी पसंद के खिलाड़ियों को टीम में शामिल करने के लिए जमकर बोली लगाई। बिप्पू सिंह, तारिक, मुनीब बेग, जैदान, आरिश मिर्जा, शाहनवाज बेग, प्रभात मिश्रा, सचिन चांदपुर एवं गोलू सूर्या समेत कई खिलाड़ियों पर विभिन्न टीमों ने दांव लगाया। कुछ खिलाड़ियों के लिए एक से अधिक टीमों द्वारा बोली लगाए जाने पर निर्णय पर्ची के माध्यम से किया गया।

टूर्नामेंट संयोजक मयंक शेखर शुक्ला ने बताया कि आगामी दिनों में मिश्रिख नगर में पहली बार ऑक्शन बेस नाइट क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य आयोजन बीके मेला मैदान में किया जाएगा। इसमें मिश्रिख, मछरेहटा, जमुनापुर, नैमिषारण्य, कुतुबनगर एवं संदना सहित आसपास के क्षेत्रों के युवा खिलाड़ी प्रतिभाग करेंगे। टूर्नामेंट में नगर पालिका परिषद मिश्रिख नैमिषारण्य के साथ ही नगर के प्रमुख व्यापारी बंधुओं की भी सहभागिता रहेगी।

उन्होंने बताया कि टीम मालिकों द्वारा खिलाड़ियों की नीलामी की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। अब टूर्नामेंट की तिथियों की घोषणा जल्द की जाएगी। उन्होंने नगर एवं क्षेत्र के लोगों से टूर्नामेंट में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की।

मेगा ऑक्शन कार्यक्रम में कमेटी के सदस्य तौफीक, विश्वास तिवारी, अरुणोदय, श्रवण एवं दीपक सहित रजत अवस्थी, दिव्यांक, आशीष कश्यप आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button