सैफई में मंच पर आया पूरा यादव कुनबा, अपने पापा को कुछ यूं याद किए अखिलेश, बहू डिंपल ने भी कही ये बात

Last Updated:October 10, 2025, 18:43 IST
Death Anniversary Of Mulayam Singh Yadav : मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि के अवसर पर आज सैफई में पूरा यादव कुनबा मंच पर एक साथ दिखा. मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए उन्होंने आगे कहा कि बहुत सारे फैसले नेताजी ने लिए हैं जिन फैसलों की वजह से समाज में बदलाव दिखाई देता है.
मुलायम सिंह यादव की पुण्यतिथि
इटावा : आज समाजवादी पार्टी (सपा) के संस्थापक और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि है. राजनीति में अपने लंबी और प्रभावशाली करियर के दौरान उन्होंने गरीब, किसान और समाज के कमजोर वर्गों के हक के लिए संघर्ष किया. गौरतलब है कि मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को इटावा में हुआ था. वे एक सामान्य परिवार से ताल्लुक रखते थे, लेकिन राजनीति और समाज सेवा के क्षेत्र में उन्होंने अपार प्रभाव छोड़ा.
सपा के प्रमुख राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव ने मुलायम सिंह को याद करते हुए कहा कि जो लोग दिल्ली का रास्ता नहीं जानते थे उन्हें उन्होंने सांसद बना दिया. जो लोग लखनऊ नहीं जानते थे उन्हें विधायक बनाकर भेजा. उन्होंने संघर्ष के जरिए सब कुछ अपने बलबूते पर किया. समाधि स्थल पर सुबह से ही पार्टी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं का पहुंचना शुरू हो गया.
मायावती के आरोपों पर दिया जवाब
मुलायम सिंह यादव की तीसरी पुण्यतिथि पर सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि हम लोगों की कोशिश होगी कि अगले वर्ष तक इस प्रेरणा स्थल को पूरा बना लें, अगले वर्ष नेताजी के जन्मदिन के दिन 22 नवंबर, 2026 को एक बड़े कार्यक्रम के साथ इसका उद्घाटन करने का काम हम लोग करेंगे. वहीं बसपा सुप्रीमो मायावती के तंज का जवाब देते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि सामाजिक न्याय के राज की स्थापना के लिए हम लोग संघर्ष करते रहेंगे. हर पीड़ित, दु:खी, अपमानित, PDA, हम सब एक सूत्र में बंधे हुए हैं. इस लड़ाई को आगे बढ़ाएंगे और PDA के सम्मान के लिए हम लोग लगातार काम करते रहेंगे.
PDA के लिए हमेशा करेंगे संघर्ष
अखिलेश यादव ने कहा कि हमेशा से समाजवादी लोगों के लिए संविधान ही संजीवनी है, वही समय-समय पर हमारी ढाल बनता है, उसका संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प आज हम लोग लेते हैं. मुलायम सिंह यादव को याद करते हुए उन्होंने आगे कहा कि बहुत सारे फैसले नेताजी ने लिए हैं जिन फैसलों की वजह से समाज में बदलाव दिखाई देता है. मुख्य रूप से समाजवाद और सेकुलरिज्म को उन्होंने हर मौके पर मजबूत बनाने का काम किया. अखिलेश यादव ने उपस्थित कार्यकर्ताओं और समर्थकों से कहा कि आज के दिन हम सब लोग संकल्प लेते हैं कि नेताजी के बताए हुए रास्ते पर चलकर इस देश के किसान, मजलूम, अल्पसंख्यक, आदिवासी और मुसलमान भाइयों के लिए हमेशा संघर्ष करेंगे.
धर्मेंद्र यादव ने साधा योगी सरकार पर निशाना
आजमगढ़ से समाजवादी पार्टी के सांसद धर्मेंद्र यादव ने कहा कि आज नेताजी को याद करने का दिन है. धर्मेंद्र यादव ने बुलडोजर कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह गरीबों और लाचारों के साथ अन्याय है और यह सरकार इस तरह का अन्याय पूरे प्रदेश में कर रही है. धर्मेंद्र यादव ने सरकार को आड़े हाथों लेते हुए कानून व्यवस्था के मुद्दे पर भी घेरा है. इस दौरान धर्मेंद्र यादव ने मुलायम सिंह यादव के साथ अपने निजी रिश्तों की कहानी भी सुनाई.
बसपा के आरोपों का नहीं दिया जवाब
न्यूज़ 18 से एक्सक्लूसिव बातचीत में सांसद डिंपल यादव ने कहा कि नेताजी हमेशा समाज के सभी वर्गों जैसे महिलाओं, युवाओं और बेटियों को सम्मान और अधिकार देने में विश्वास रखते थे. बहुजन समाज पार्टी के आरोपों पर डिंपल यादव ने कहा कि फिलहाल इस समय उन बातों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है.
मीडिया फील्ड में 5 साल से अधिक समय से सक्रिय. वर्तमान में News-18 हिंदी में कार्यरत. 2020 के बिहार चुनाव से पत्रकारिता की शुरुआत की. फिर यूपी, उत्तराखंड, बिहार में रिपोर्टिंग के बाद अब डेस्क में काम करने का अनु…और पढ़ें
मीडिया फील्ड में 5 साल से अधिक समय से सक्रिय. वर्तमान में News-18 हिंदी में कार्यरत. 2020 के बिहार चुनाव से पत्रकारिता की शुरुआत की. फिर यूपी, उत्तराखंड, बिहार में रिपोर्टिंग के बाद अब डेस्क में काम करने का अनु… और पढ़ें
न्यूज़18 को गूगल पर अपने पसंदीदा समाचार स्रोत के रूप में जोड़ने के लिए यहां क्लिक करें।Location :
Etawah,Etawah,Uttar Pradesh
First Published :
October 10, 2025, 18:43 IST
सैफई में मंच पर आया पूरा यादव कुनबा, अपने पापा को कुछ यूं याद किए अखिलेश



